खुशियों की दास्तां…

– प्रधानमंत्री आवास योजना से कमलसिंह को 40 साल बाद मिला पक्की छत का सुख

अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही है। यह योजना न केवल व्यक्तिगत जीवन बदल रही है, बल्कि पूरे प्रदेश के ग्रामीणों अंचलों की तस्वीर भी बदल रही है। ऐसी ही एक कहानी हरदा जिले के जनपद पंचायत टिमरनी के ग्राम चौकड़ी, के हितग्राही कमलसिंह कलम पिता रतनसिंह कलम की है। टिमरनी विकासखंड से लगभग 15 किमी. दूर बसे इस गांव में कमलसिंह लगभग 40 वर्षों से अपने परिवार सहित कच्चे मकान में रह रहे थे। आंधी-तूफान में मकान के गिरने का डर व बरसात में कच्ची छत से पानी टपकने से हर बारिश उनके लिए मुसीबत बन जाती थी। वर्ष 2016-17 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण शुरू हुई तो ग्राम पंचायत अहलबाड़ा को लक्ष्य प्राप्त हुए। शासन द्वारा पक्के आवास के लिए 1.20 लाख रुपए की सहायता की जानकारी जब ग्रामीणों को लगी तो जो सपना सा लगता था, वह हकीकत बनने लगा। वर्ष 2019-20 में ग्राम पंचायत द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कमलसिंह कलम का चयन किया गया। जब यह जानकारी उन्हें मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शासन से किश्तें प्राप्त होते ही उन्होंने खुशी-खुशी अपने पक्के मकान का निर्माण शुरू किया। निर्माण के दौरान कुछ कठिनाइयां जरूर आईं, लेकिन पक्की छत का सपना आखिरकार पूरा हो गया। आज कमलसिंह और उनका पूरा परिवार अपने पक्के छत वाले मकान में खुशी-खुशी निवासरत है। कमल सिंह बताते है कि पक्का मकान बनने से अब बरसात का डर खत्म हो गया है। समाज व गांव में मान सम्मान भी बढ़ा है। कमल सिंह कहते है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनकी जिंदगी ही बदल दी। जो कभी कच्ची झुग्गी-झोपड़ी में दिन काटते थे, आज वे सम्मान के साथ पक्के मकान में जीवन जी रहे हैं। पक्का मकान मिलने पर कमल सिंह ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का सहृदय आभार प्रकट किया है।

0 Views

Leave a Reply