इंटर जेनरेशनल बॉन्डिंग एक्टिविटीज कार्यक्रम आयोजित

-जेन-जी ने जाना सन् 1947 और 80 का दशक

अनोखा तीर, हरदा। शासन से प्राप्त निर्देशानुसार एवं कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा वरिष्ठजनों एवं युवा पीढ़ी के बीच जेनरेशन गैप को खत्म करने के उद्देश्य से इंटर जेनरेशनल बॉन्डिंग एक्टिविटीज कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय वृद्धाश्रम में किया गया। उप संचालक सामाजिक न्याय कमलेश सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के तहत वृद्धाश्रम में टॉक एक्सचेंज प्रोग्राम, पौधारोपण और वरिष्ठजनों का जन्मदिन मनाया गया। कार्यक्रम में चर्चा का मुख्य विषय 80 वर्सेस जेन-जेड रहा, जिस पर युवाओं और वरिष्ठजनों के बीच खूब संवाद हुआ। वरिष्ठजनों ने सन् 1947 के दशक और 1980 के दशक की यादें साझा कीं और विलुप्त हो रही बोली, भाषा, कला, कौशल, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक व्यंजनों के बारे में नई पीढ़ी को बताया। वहीं युवा पीढ़ी ने वर्तमान की नई टेक्नोलॉजी से वरिष्ठजनों को अवगत कराया। इन सभी विषयों पर लगभग दो सत्रों में 6 घंटे तक लगातार संवाद चला। कार्यक्रम में जेड प्लस अकादमी के विद्यार्थियों और राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। मुख्य पैनल में एनएसएस डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर एवं युवा उत्सव प्रभारी प्रो. सत्येन्द्र सिंह परिहार तथा एनएसएस के विद्यार्थी शामिल थे। कार्यक्रम के अंत में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के विशेषज्ञों द्वारा वरिष्ठजनों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। इस अवसर पर वृद्धाश्रम समिति के संचालक, कर्मचारी, विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply