– 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल, ग्राहकों से डिजिटल बैंकिंग अपनाने की अपील
अनोखा तीर, हरदा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स द्वारा 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। इससे पहले 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार का अवकाश निर्धारित है। हालांकि, अग्रणी जिला प्रबंधक हरदा ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एवं क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से कार्य करेंगे। उन्होंने ग्राहकों से अपील की है कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए आवश्यक बैंकिंग लेन-देन पहले ही पूरा कर लें और नकदी की जरूरत होने पर उपलब्धता के अनुसार एटीएम का उपयोग करें।
28 से 30 सितंबर तक एटीएम शुल्क नहीं लगेगा
हड़ताल की प्रस्तावित अवधि के दौरान ग्राहकों को सुविधा देने के लिए देश के किसी भी बैंक के एटीएम से किए जाने वाले लेन-देन पर 28 से 30 सितंबर तक एटीएम शुल्क नहीं लिए जाने की जानकारी दी गई है। ग्राहकों से इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई, व्हाट्सएप बैंकिंग, एटीएम सहित अन्य डिजिटल माध्यमों का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की गई है। सूचना के अनुसार यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस और नेट बैंकिंग सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा ग्राहकों की सुविधा के लिए बिजनेस करेस्पॉन्डेंट नेटवर्क का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है। बैंकों की ओर से हड़ताल के दौरान ग्राहकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने की बात कही गई है। हालांकि परिस्थितियों के अनुसार शाखाओं एवं कार्यालयों की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। अग्रणी जिला प्रबंधक, हरदा ने ग्राहकों से अपील की है कि वे बैंकिंग संबंधी जरूरी कार्यों की पहले से योजना बनाएं और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का उपयोग कर सहयोग करें।
बैंक हड़ताल के बीच रविवार को खुलेंगे सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक

2 Views


