-मध्य भारत के बड़े फोटो मेले में मिली उपलब्धि, फोटोग्राफरों में उत्साह
अनोखा तीर, हरदा। मध्य भारत के बड़े फोटो मेले का आयोजन 23 एवं 24 सितंबर को इंदौर में किया गया। मेले में मध्य प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी से जुड़े पेशेवरों ने सहभागिता की। इस दौरान हरदा फोटोग्राफर ग्रुप को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान हरदा के फोटोग्राफी क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। हरदा फोटोग्राफर ग्रुप लंबे समय से फोटोग्राफरों को एक मंच पर लाने, आपसी सहयोग बढ़ाने, नई तकनीकों की जानकारी साझा करने और फोटोग्राफी एवं चलचित्र निर्माण के क्षेत्र में व्यावसायिक विकास के लिए प्रयासरत है। इंदौर फोटो मेले में मिले सम्मान से हरदा के फोटोग्राफरों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ। समूह के सदस्यों ने इसे हरदा के फोटोग्राफरों की एकजुटता, मेहनत और प्रतिभा का सम्मान बताया। समूह की ओर से मेले के आयोजकों एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही हरदा के सभी फोटोग्राफरों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य में भी एकजुट होकर फोटोग्राफी के क्षेत्र को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। समूह ने कहा कि यह सम्मान केवल एक संगठन का नहीं, बल्कि हरदा के पूरे फोटोग्राफी समुदाय की पहचान और उपलब्धि है।




