गोंदा गांव में वित्तीय साक्षरता शिविर

– ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

अनोखा तीर, हरदा। भारतीय रिजर्व बैंक के तत्वावधान में स्वाधार फिन एक्सेस की सीएफएल हरदा टीम द्वारा ब्लॉक टिमरनी के ग्राम गोंदा में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग, साइबर सुरक्षा, बैंकिंग सेवाओं और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय रिजर्व बैंक भोपाल से एलडीओ मनोज कुमार एवं एफएलसी सुबोध कुमार जैन उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को फर्जी कॉल, मैसेज और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। साथ ही डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, केवाईसी प्रक्रिया एवं बैंकिंग सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। एलडीओ मनोज कुमार ने ग्रामीणों को निष्क्रिय खातों और लावारिस जमा राशि से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय तक खाते में लेनदेन नहीं होने की स्थिति में राशि को लेकर आरबीआई की व्यवस्था क्या है। उन्होंने उद्गम पोर्टल के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि इसके माध्यम से लोग अपने पुराने अथवा लावारिस बैंक खातों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। शिविर में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और अटल पेंशन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता एवं लाभों के बारे में भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में स्वाधार फिन एक्सेस के डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज सैय्यद इमरान अली, सीएफएल इंचार्ज/ट्रेनर संजय कालोसिया, सीएफएल ट्रेनर राजन्ती गर्ग, डाटा ऑपरेटर विनीता निमोरे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply