– 300 से अधिक सहभागियों ने किया सामूहिक गायन
अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती के मार्गदर्शन में देशभर के सरस्वती शिशु मंदिरों में एक समय, एक स्वर और एक लय में सामूहिक गायन कार्यक्रम ‘नमामि भारतम आयोजित किया गया। इसी क्रम में हरदा के स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में भी सामूहिक गायन कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के 300 से अधिक छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों, समिति सदस्यों एवं पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान मध्यप्रदेश, भोपाल के सह सचिव संदीप केकरे की अध्यक्षता एवं पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह मुख्य अतिथि, शासकीय महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. एलएन पाराशर विशिष्ट अतिथि तथा पूर्व छात्र आनंद मोहन यादव मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान जन-गण-मन का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम संयोजक साधना ताम्रकार ने ‘नमामि भारतमÓ के उद्देश्य और आयोजन की भूमिका पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता आनंद मोहन यादव ने वंदे मातरम के महत्व एवं इसके इतिहास पर प्रकाश डालते हुए इसे राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय चेतना का प्रेरणास्रोत बताया। मुख्य अतिथि डॉ. एचपी सिंह ने राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं देते हुए ऐसे आयोजनों को राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने वाला बताया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र तिवारी सहित विद्यालय परिवार, समिति सदस्य, अभिभावक, पूर्व छात्र एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। संचालन छात्रा दीपिका निकुम ने किया, जबकि शिशुवाटिका प्रमुख बबीता सेवारिक ने आभार व्यक्त किया। सामूहिक रूप से गूंजे वंदे मातरम के स्वर से विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना से सराबोर हो गया।




