लंबित मांगों को लेकर पेंशनर्स संगठन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

– 8वें वेतन आयोग में पेंशन पुनरीक्षण सहित 10 मांगें उठाईं

अनोखा तीर, हरदा। लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स एसोसिएशन भोपाल की हरदा शाखा से जुड़े पेंशनर्स संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन के राज्य स्तरीय मीडिया प्रभारी आरबी सगर, संभागीय उपाध्यक्ष ओपी मुकाती और जिलाध्यक्ष जीआर गौर सहित अन्य सदस्यों ने अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। जिला मीडिया प्रभारी बीएल गुर्जर ने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में 31 दिसंबर 2025 से पहले और उसके बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के बीच पेंशन संबंधी लाभों को लेकर बने अंतर पर सकारात्मक विचार करना शामिल है। संगठन का कहना है कि भविष्य में 8वें वेतन आयोग से मिलने वाले लाभों से किसी भी सेवानिवृत्त कर्मचारी को वंचित नहीं किया जाना चाहिए। ज्ञापन में पेंशन नियम अधिनियम 2025 लागू करने, 8वें वेतन आयोग के विचारणीय विषयों में पेंशन पुनरीक्षण को शामिल करने, 50 प्रतिशत डीए/डीआर को वेतन-पेंशन में मर्ज करने तथा कम्यूटेशन की अवधि में संशोधन की मांग की गई। इसके अलावा पेंशन समानता लागू करने, पारिवारिक पेंशन में सुधार, एनपीएस/यूपीएस को लेकर लंबित मांगों पर विचार, 18 माह के लंबित डीए/डीआर के भुगतान, वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेलवे एवं हवाई यात्रा में रियायतें बहाल करने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई। संगठन ने चिकित्सा सुविधाओं में सुधार, उम्र बढ़ने के साथ अतिरिक्त पेंशन का प्रावधान करने तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए वैधानिक राष्ट्रीय आयोग के गठन की मांग भी उठाई। साथ ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की मुख्य पीठ जबलपुर एवं बिलासपुर मुख्य पीठ द्वारा पेंशनर्स के पक्ष में दिए गए निर्णयों का शीघ्र पालन कराने की मांग की गई।

4 Views

Leave a Reply