एनएसएस स्थापना दिवस पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की नृत्य नाटिका ने बांधा समां

 

-वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने साझा किए अनुभव, उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवक सम्मानित

अनोखा तीर, हरदा। स्थानीय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा गुरुवार को एनएसएस का 57वां स्थापना दिवस उत्साह से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन से हुई। इसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार गौर, प्रशासनिक अधिकारी व्हीके विछोतिया, वरिष्ठ स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारियों ने मां सरस्वती का पूजन कर स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशा गायकवाड़ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य और सामाजिक महत्व की जानकारी दी। मुख्य वक्ता एवं वरिष्ठ रासेयो स्वयंसेवक प्रीतम सेठी, रेशमा मालवीय, कपिल भूसारे और अंकिता गायकवाड़ ने एनएसएस से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा विद्यार्थियों को रासेयो से जुडक़र समाजसेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी व्हीके विछोतिया ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए एनएसएस के लोगो और उसके संबोधक वाक्य ‘नॉट मी, बट यू’ का महत्व बताया। अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य राजेश कुमार गौर ने स्थापना दिवस की तैयारियों में स्वयंसेवकों द्वारा की गई मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए स्वयंसेवक तनीषा चौहान के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। इसके अलावा एनएसएस गीत पर सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले  स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रशस्ति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक लेदाराम सोलंकी, प्रिया धोत्तरे एवं साधना बरैया ने किया। समापन अवसर पर डॉ. योगेश कुमार गौर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवक स्वाति ढाका, निशु, प्रीतम, पीयूष, करण, आनंद, अवंतिका, अभिषेक, निलेश, दुर्गेश सहित महाविद्यालय स्टाफ के राजेश दीक्षित, प्रीति चौरे, डॉ. प्रियंका राय, डॉ. शारदा द्विवेदी, डॉ. शिवानी बर्मन एवं अन्य स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply