57वें रासेयो स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों ने दिया नशामुक्ति का संदेश

– गीत, अनुभव और नुक्कड़ नाटक के जरिए समाजसेवा का संकल्प

अनोखा तीर, हरदा। हरदा आदर्श महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) का 57वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के संचालक एवं प्राचार्य उमर रऊफ रहे। अध्यक्षता प्राध्यापक गणेश विश्वकर्मा ने की। विशेष अतिथि के रूप में ज्योति विरहा एवं रेड रिबन प्रभारी प्रभुदयाल उमरिया उपस्थित रहे। महेंद्र सोलंकी ने रासेयो के उद्देश्य और बैज के महत्व की जानकारी दी, जबकि कार्यक्रम अधिकारी तपिश सोलंकी ने रासेयो के इतिहास एवं सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला। इस दौरान स्वयंसेवकों ने ‘जय जगत, जय जगत’ और ‘नौजवान आओ रे’ गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। रासेयो स्टेट कैंपर लक्की ओसवाल सहित पूर्व स्वयंसेवक सादिक खान, मयूरी शर्मा और आशी खान ने रासेयो से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। विशेष अतिथि प्रभुदयाल उमरिया ने विद्यार्थियों को समाजसेवा, जनजागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने नशामुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन छात्रा कार्यक्रम अधिकारी वाणी धार्मिक ने किया। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक प्रीति अग्रवाल, संदीप खरे, दीपक थाटे, पवन सातनकर, नवीन दायमा, कविता धुर्वे, सलोनी मालवीय, राजन्ती डोंगरे एवं स्नेहा शर्मा सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply