– सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए सेवा, अनुशासन और राष्ट्रहित का दिया संदेश
अनोखा तीर, हरदा। नगर के लाल बहादुर शास्त्री व्यावसायिक अध्ययन महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस समारोह उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला संगठक डॉ. एलएन पाराशर उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप प्राचार्य संजय भार्गव, कार्यकारी निदेशिका डॉ. मोना खरे, पूर्व जिला संगठक जगदीश गौर, कार्यक्रम अधिकारी हर्षा जायसवाल सहित महाविद्यालय के विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं रासेयो स्वयंसेवक मौजूद रहे। मुख्य अतिथि डॉ. एलएन पाराशर ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और सामाजिक सरोकारों की जानकारी देते हुए समाज एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मोनिका एवं अनुराग की टीम ने नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से यातायात नियमों के पालन और सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। बीबीए प्रथम वर्ष की छात्राओं अन्वेषा जोशी एवं नित्या ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति का भाव जगाया। डीएलएड द्वितीय वर्ष की छात्रा नुपुर वनिक ने नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं लक्ष्यों को प्रस्तुत किया। इस दौरान डॉक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से समाजसेवा के विभिन्न उदाहरण भी दिखाए गए। इससे विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास और सामाजिक सेवा के महत्व की जानकारी मिली। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने सामूहिक रूप से ‘हम होंगे कामयाब’ गीत प्रस्तुत किया। आभार प्रदर्शन कार्यक्रम अधिकारी हर्षा जायसवाल ने किया, जबकि संचालन ऋषिका गुर्जर एवं अंकित यादव ने किया। समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रहित के प्रति जिम्मेदारी को मजबूत करने का संदेश दिया गया।





