अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत हरदा जिले में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों के क्रम में टिमरनी में प्रस्तावित कार्यक्रम की तिथि में संशोधन किया गया है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर 4 सितंबर 2026 को शासकीय अवकाश होने के कारण नगर परिषद टिमरनी अंतर्गत रैन बसेरा टिमरनी में 4 सितंबर को आयोजित होने वाला कार्यक्रम अब 3 सितंबर 2026 को पूर्व निर्धारित समयानुसार आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन द्वारा जारी संशोधित आदेश में बताया गया है कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 का संचालन जिले में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित क्षेत्रों का भ्रमण कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के निराकरण तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। कलेक्टर जैन ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय पर उपस्थित रहकर अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत टिमरनी में अब 3 सितंबर को होगा कार्यक्रम

0 Views

