अनोखा तीर, हरदा। खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को माय भारत हरदा और भाऊ साहब भुस्कुटे शासकीय महाविद्यालय टिमरनी की एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय प्रांगण में प्रधानमंत्री युवा संवाद का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम की मुख्य विशेषता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का युवाओं के साथ सीधा टू-वे आभासी संवाद होगा। इसमें देश भर के युवाओं को अपने विचार और सुझाव सीधे साझा करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के केंद्रीय राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद डी.डी. उइके उपस्थित रहेंगे। वे इस दौरान युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में दो राष्ट्रीय खेल हस्तियों और यूथ आइकॉन को भी आमंत्रित किया गया है। ये हस्तियां युवाओं के साथ अपनी सफलता, संघर्ष और खेल यात्रा के अनुभव साझा कर उन्हें प्रेरित करेंगी। यह पूरा आयोजन माय भारत की जिला युवा अधिकारी श्रद्धा मित्तल के नेतृत्व में संपन्न होगा। कार्यक्रम का क्रियान्वयन महाविद्यालय के एनएसएस नोडल अधिकारी अरुण सिकरवार द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी युवाओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
टिमरनी में प्रधानमंत्री युवा संवाद एवं खेल दिवस का आयोजन

0 Views




