अनोखा तीर, हरदा। महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान भोपाल, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय हरदा के निर्देशानुसार जिले में 25 से 31 अगस्त तक सात दिवसीय संस्कृत सप्ताह महोत्सव मनाया जा रहा है। इस दौरान विद्यालयों में संस्कृत भाषा आधारित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिला संस्कृत प्रकोष्ठ प्रभारी हेमलता अग्रवाल ने बताया कि जिले के सभी हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में संस्कृत सप्ताह का उत्साहपूर्वक शुभारंभ हुआ। इसी क्रम में डॉ. बीआर अंबेडकर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, हरदा में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों को तिलक लगाकर तथा संस्कृत सप्ताह की शुभकामनाएं देकर महोत्सव का शुभारंभ किया गया। विद्यार्थियों ने संपूर्ण प्रार्थना सभा अग्रवाल के मार्गदर्शन में संस्कृत भाषा में प्रस्तुत कर विद्यालय को संस्कृतमय बना दिया। इस अवसर पर संगीत शिक्षिका सोनी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने श्री नारायण भट्ट की रचना ‘सुंदर सुर भाषाÓ की मनमोहक प्रस्तुति दी। श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संस्कृत दिवस एवं संस्कृत सप्ताह के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि श्रावणी पूर्णिमा, रक्षाबंधन को संस्कृत दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कृत भाषा के प्रति गर्व एवं अनुराग विकसित करने तथा दैनिक जीवन में संस्कृत के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य संतोष कुमार यादव ने विद्यार्थियों को संस्कृत सप्ताह की शुभकामनाएं दीं। सप्ताह के शुभारंभ पर टिमरनी उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्य दुबे मैडम, नगर पालिका स्कूल हरदा के प्राचार्य परमसुख केवट एवं पलासनेर के प्राचार्य दिनेश साहू एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अतिथि एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे और सभी ने हर्षोल्लास के साथ संस्कृत सप्ताह महोत्सव के शुभारंभ पर एक-दूसरे को बधाई दी।
सात दिवसीय संस्कृत सप्ताह महोत्सव का हर्षोल्लास से शुभारंभ

0 Views




