भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया  

अनोखा तीर, हरदा। नगर में श्री दिगंबर जैन समाज द्वारा तेईसवें तीर्थंकर भगवान श्री पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव बुधवार को हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। खेड़ीपुरा स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन लाल मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में समाजजनों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भगवान पार्श्वनाथ की आराधना की और धर्मलाभ प्राप्त किया। महोत्सव के अवसर पर प्रात: 7.30 बजे से मंदिर में भगवान का नित्य अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। इसके बाद विधि-विधान से श्रीजी की पूजा-अर्चना कर भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक के उपलक्ष्य में निर्वाण लाडू अर्पित किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। आयोजन में प्रथम अभिषेक का सौभाग्य अभिनंदन जैन परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं शांतिधारा का सौभाग्य शकुंतला जैन परिवार को मिला। भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक के अवसर पर निर्वाण लाडू अर्पित करने का सौभाग्य अशोक-उषा जैन परिवार को प्राप्त हुआ। समाजजनों ने भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक पर पूजा-अर्चना करते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। श्री दिगंबर जैन समाज की ओर से समाज के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं एवं माताओं-बहनों ने महोत्सव में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया। आयोजन के दौरान भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।

0 Views

Leave a Reply