ग्राम ऊंद्राकच्छ में धूमधाम से मनाई तुलसीदास जयंती

 

अनोखा तीर, टिमरनी। करीबी ग्राम ऊंद्राकच्छ में सनातन धर्म के पवित्र ग्रंथ रामचरितमानस के रचयिता बाबा तुलसीदास की जयंती के पावन पर्व के अवसर पर गांव के राम मंदिर परिसर में तुलसी जयंती मनाई गई।  कार्यक्रम में पूजा अर्चना कर बाबा तुलसीदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम जानकी मंदिर गोमुख मठ भादूगांव के महंत महामंडलेश्वर ओमकारदास जी महाराज ने की।  इस अवसर पर विद्वानों ने रामचरितमानस के रचयिता तुलसीदास बाबा के जीवन पर आधारित अपने विचार व्यक्त किए। शिवशक्ति धाम कपासी के महंत परमेश्वरदास महाराज ने कहा कि मां की अहंकार को केवल परमात्मा ही दूर कर सकते हैं। परमात्मा को आगे रखकर ही सब काम करना चाहिए। उन्होंने रामचरितमानस की सुंदर चौपाइयां भी सुनाईं।  वहीं छिदगांव मेल के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित रमाकांत जोशी ने कहा कि बाबा तुलसीदास ने बहुत ही सुंदर पवित्र ग्रंथ रामचरितमानस की रचना की है जो जीवन का सार है। इसका अनुसरण मनुष्य को अवश्य करना चाहिए और घरों में नित्य इसका पाठ भी किया जाना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी को हमारे इस पवित्र और धार्मिक ग्रंथ के बारे में जानकारी मिल सके और नई पीढ़ी सनातन धर्म से जुड़े और उसकी रक्षा कर सके।  नर्मदापुरम के संत बसंत वशिष्ठ ने भी रामचरितमानस के रचयिता बाबा तुलसीदास और रामायण की सुंदर चौपाइयों का वर्णन कर उनका सार बताया।  कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महंत महामंडलेश्वर ओमकार दास महाराज ने आशीर्वचन दिए और अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार पेठवले ने किया और आभार आयोजन समिति के जगदीश बाजोलिया ने माना।  उल्लेखनीय है कि गांव में प्रतिवर्ष तुलसी जयंती मनाया जाने का कार्यक्रम किया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में साधु संत, सामाजिक कार्यकर्ता व ग्रामीणजन मौजूद रहे।

2 Views

Leave a Reply