-मोबाइल टावरों से एसी चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा
-4 गिरफ्तार, 6.5 लाख का सामान जब्त
अनोखा तीर, हंडिया। पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरदा तथा एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना हंडिया पुलिस द्वारा मोबाइल टावरों में लगे एसी के सामान की चोरी करने वाले गिरोह के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पूछताछ में हरदा, हंडिया एवं अन्य थाना क्षेत्रों में मोबाइल टावरों से एसी के कंप्रेसर, कॉइल एवं कॉपर पाइप चोरी करने की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
घटना का विवरण
थाना हंडिया पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर 04 संदिग्ध युवकों को अभिरक्षा में लेकर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे सफेद रंग की टवेरा कार से विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर मोबाइल टावरों की रेकी करते थे। रेकी के बाद आरोपी मोबाइल टावरों में लगे एसी को खोलकर उसमें लगे कंप्रेसर, कॉपर कॉइल एवं कॉपर पाइप को काटकर चोरी कर लेते थे। पूछताछ में आरोपियों द्वारा निम्न चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की गई।
आरोपियों द्वारा कबूल की गई चोरी की घटनाएं
जोशी कॉलोनी, हरदा स्थित आईडिया मोबाइल टावर के एसी का सामान चोरी।
-चौबे कॉलोनी, हरदा स्थित आईडिया मोबाइल टावर के एसी का सामान चोरी।
-कस्बा हंडिया स्थित एयरटेल मोबाइल टावर के एसी का सामान चोरी।
-ग्राम अबगांवकला स्थित आईडिया मोबाइल टावर के एसी का सामान चोरी।
-ग्राम मादला, थाना छीपाबड़ क्षेत्र में स्थित मोबाइल टावर के एसी का सामान चोरी।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
-सलमान पिता सकूर खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी रोशनी, थाना खालवा, जिला खंडवा।
-फारूक पिता मुख्तियार मंसूरी, उम्र 26 वर्ष, निवासी रोशनी, थाना खालवा, जिला खंडवा।
-समीर पिता अफजल मंसूरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी रोशनी, थाना खालवा, जिला खंडवा।
-फरहान पिता संजू खान, उम्र 26 वर्ष, निवासी चैनपुर सरकार, थाना छनेरा, जिला खंडवा।
जब्त मशरूका
9 नग कंप्रेसर, 13 नग कॉइल (जाली), 5 किलोग्राम कॉपर पाइप के टुकड़े, घटना में प्रयुक्त टवेरा कार अनुमानित कीमत 4 लाख, एसी खोलने एवं काटने के औजार पाना, पेचकस, प्लास, कटर आदि, आरोपियों के मोबाइल फोन। कुल जब्त मशरूका एवं वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 50 हजार है।
वर्तमान स्थिति
आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है तथा माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। आरोपियों से पूछताछ में अन्य थाना क्षेत्रों में की गई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई है, जिसके संबंध में पूछताछ एवं विवेचना जारी है। थाना हंडिया पुलिस द्वारा मोबाइल टावरों से एसी सामग्री चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा चोरी गया मशरूका एवं घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।




