20 अगस्त को दूध विक्रेता किसानों की हड़ताल

-डेयरी संचालकों ने एसपी से मांगी सुरक्षा

अनोखा तीर, हरदा।  गाय-भैंस के दूध का उचित मूल्य निर्धारित करने की मांग को लेकर ग्रामीण दूध विक्रेता किसानों द्वारा 20 अगस्त को प्रस्तावित हड़ताल को लेकर हरदा शहर के डेयरी संचालकों ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है। डेयरी संचालकों ने स्पष्ट किया है कि वे हड़ताल का समर्थन नहीं करते और अपनी डेयरियां सामान्य दिनों की तरह संचालित रखना चाहते हैं। आवेदन में बताया गया है कि ग्रामीण दूध विक्रेताओं ने 20 अगस्त को गाय-भैंस के दूध का अधिक मूल्य निर्धारित कराने के लिए शहर की सभी दूध डेयरियां बंद कराने का आह्वान किया है। आरोप है कि कुछ लोग शहर की डेयरियों पर जाकर संचालकों से बलपूर्वक हस्ताक्षर करवाकर डेयरी बंद कराने का प्रयास कर रहे हैं।
डेयरी संचालकों ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार
आवेदन के अनुसार, नगर पालिका के सामने स्थित सतगुरु डेयरी पर कथित रूप से गाली-गलौज और हाथापाई कर हस्ताक्षर करवाए जाने की शिकायत सिविल लाइन थाना प्रभारी से की गई है। डेयरी संचालकों ने ऐसी परिस्थितियों को देखते हुए अपनी-अपनी डेयरियां आम दिनों की तरह खुली रखने का निर्णय लिया है। डेयरी संचालकों ने पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया है कि यदि ग्रामीण दूध विक्रेताओं द्वारा जबरन डेयरी बंद कराने का प्रयास किया जाता है तो उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
तोड़फोड़ या मारपीट पर सख्त कार्रवाई की मांग
आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा डेयरी संचालकों के साथ मारपीट, तोड़फोड़, गाली-गलौज या अभद्र व्यवहार किया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। आवेदन पर समस्त दुग्ध विक्रेता डेयरी, हरदा की ओर से हस्ताक्षर किए गए हैं। इधर, दूध विक्रेता किसानों की ओर से दूध के उचित मूल्य की मांग को लेकर हड़ताल का आह्वान किया गया है। ऐसे में 20 अगस्त को दूध की खरीदी-बिक्री और शहर की डेयरियों के संचालन को लेकर स्थिति पर सभी की नजर रहेगी।

0 Views

Leave a Reply