Skip to content
Sunday, 22 November 2026
हरदा

ई-अटेंडेंस के विरोध में शुरू किया चरणबद्ध आंदोलन

2 min read
Anokhateer editorial default

 
अनोखा तीर, हरदा।  हरदा में कृषि विस्तार अधिकारी संघ ने ई-अटेंडेंस और अन्य ऑनलाइन कार्यों के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। प्रांतीय आह्वान पर जिले के सभी 21 कृषि विस्तार अधिकारी पिछले तीन दिनों से कृषि विभाग कार्यालय में हड़ताल पर हैं। संघ का कहना है कि उनकी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है।
ई-अटेंडेंस से मुक्त रखने की मांग
संघ की प्रमुख मांगों में कृषि विस्तार अधिकारियों को ई-अटेंडेंस व्यवस्था से पूरी तरह मुक्त रखना शामिल है। इसके अलावा 2800 ग्रेड पे लागू करने और अतिरिक्त भत्ते को 500 रुपए से बढ़ाकर 5 हजार रुपए प्रति माह करने की मांग की जा रही है। कृषि विस्तार अधिकारियों का कहना है कि उनका अधिकांश काम किसानों के बीच मैदानी स्तर पर होता है। किसानों की सुविधा के अनुसार उन्हें सुबह या शाम गांवों में जाना पड़ता है। ऐसे में कार्यालय आधारित निश्चित समय के अनुसार ई-अटेंडेंस व्यवस्था उनके लिए अव्यावहारिक है। एक अधिकारी के जिम्मे 10 से 20 पंचायतें होती हैं, जो कई किलोमीटर दूर स्थित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के कारण भी ई-अटेंडेंस लगाने में तकनीकी दिक्कतें आती हैं।
महिला कर्मचारियों की सुविधाओं का मुद्दा
संघ ने महिला कृषि विस्तार अधिकारियों की कार्य परिस्थितियों का मुद्दा भी उठाया है। संगठन के अनुसार विभाग में करीब 50 प्रतिशत महिला कर्मचारी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में काम के दौरान उनके लिए बैठने और बच्चों को फीडिंग कराने जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। संघ ने महिला कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 21 अगस्त 2026 से राज्य स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। हड़ताल के कारण किसानों से जुड़ी कुछ सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply