संस्कार विद्यापीठ में नशा मुक्ति जागरुकता कार्यशाला संपन्न

अनोखा तीर, हरदा। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने तथा नशे की लत से दूर रखने के उद्देश्य से प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय संस्थान द्वारा 6 अगस्त से 20 अगस्त हरदा जिले के विभिन्न स्कूलों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत संस्कार विद्यापीठ में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीके रोशनी दीदी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे की आदत से दूर रहने तथा इसके गंभीर शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से बचने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान बीके रेवा दीदी ने समस्त विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। साथ ही विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर समाज के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संस्कार विद्यापीठ प्रबंधन के नटवर पटेल एवं नवनीत पटेल, प्राचार्या सुश्री राजेश्वरी गीते, उपप्राचार्य दिलीप पाटीदार सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

0 Views

Leave a Reply