
अनोखा तीर, हरदा। शासकीय महात्मा गांधी हायर सेकेंडरी स्कूल में संभाग स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें हरदा, नर्मदापुरम एवं बैतूल जिले की टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता के अंतर्गत 14 वर्ष बालक एवं बालिका वर्ग की हैंडबॉल, 14, 17 एवं 19 वर्ष बालक एवं बालिका वर्ग की टेबल टेनिस तथा कुश्ती फ्री स्टाइल एवं ग्रीको-रोमन की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हैंडबॉल प्रतियोगिता महात्मा गांधी स्कूल के खेल मैदान में आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ महात्मा गांधी स्कूल के प्राचार्य जे.पी. प्रजापति एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी रामनिवास जाट ने खिलाड़ियों एवं टीमों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में पहला मैच बालिका वर्ग के बीच खेला गया, जिसमें बैतूल एवं हरदा दो ही टीम ने सहभागिता की जिनके बीच फाइनल मैच कराया गया। जिसमें हरदा ने बैतूल को 6-0 से शिकस्त दी इसी प्रकार बालक वर्ग में पहला मैच हरदा विरुद्ध बैतूल के बीच खेला गया। जिसमें 14-4 से हरदा विजयी रहा दूसरा मैच हरदा एवं नर्मदापुरम के बीच खेला गया। जिसमें हरदा टीम 18- 3 से विजयी रही। इस प्रकार प्रतियोगिता में हरदा टीम विजेता रही इस अवसर पर ऑफिशियल के रूप में गौतम विश्वकर्मा, करण लोंगरे, हिमांशु धुर्वे, प्रतीक शर्मा, भावेश केवट आदि उपस्थित रहे। टेबल टेनिस प्रतियोगिता अग्रवाल खेल एकेडमी, हरदा में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में टीमों से परिचय प्राप्त करने के लिए अग्रवाल समाज के अध्यक्ष विनोद बंसल, सचिव निमिष गोयल, मध्य प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष संतोष अग्रवाल(चंदन सेल्स), अग्रवाल समाज खेल एकेडमी के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल एवं मीडिया प्रभारी आकाश अग्रवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर राजेश बीलिया एवं रोनीत राठौर भी उपस्थित रहे। कुश्ती फ्री स्टाइल एवं ग्रीको-रोमन प्रतियोगिता अरविंद कुश्ती अखाड़ा, हरदा में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर एकेडमी के कोच अखिलेश विश्नोई एवं अंपायर अर्पित विश्नोई उपस्थित रहे। सहयोगी में शांतिलाल गोदारा, कन्हैया लाल विश्नोई सीताराम जाट, नीरेंद्र सेवारिक आदि उपस्थित रहे। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। आयोजन को सफल बनाने में खेल अधिकारियों, प्रशिक्षकों, ऑफिशियल्स एवं संबंधित खेल संस्थाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उक्त जानकारी जिला क्रीड़ा अधिकारी रामनिवास जाट ने दी।



