-ब्रह्मकुमारी सदस्यों ने बंदियों को दिया नशे से दूर रहने का संदेश
अनोखा तीर, हरदा। जिला जेल हरदा में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय हरदा से बीके राजेश, बीके किरण बहन, बीके भव्यता बहन के द्वारा जेल पर 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत जेल में बंदियों के लिए विशेष नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीके भव्यता बहन ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, मानसिक स्थिति, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने बंदियों से नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार और आत्मविश्वास के साथ जीवन में नई शुरुआत करने का आह्वान किया। बीके किरण बहन ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित जागरूकता वीडियो दिखाकर बंदियों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति एवं सकारात्मक संकल्प के साथ व्यक्ति नशे जैसी बुरी आदत को अपने जीवन से समाप्त कर सकता है। इस अवसर पर राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मन को शांत एवं सकारात्मक बनाने की विधि भी बताई गई। बंदियों को समझाया गया कि मन को सकारात्मक दिशा देकर बुरी आदतों पर विजय प्राप्त की जा सकती है। जेल उप अधीक्षक दिलीप सिंह ने नशामुक्ति के लिए किए जा रहे इस जागरूकता प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि नशामुक्ति के लिए जागरूकता और आत्मसंकल्प दोनों आवश्यक हैं। ऐसे कार्यक्रम बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित करने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बंदियों ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रतिज्ञा ली। कार्यक्रम के माध्यम से जिला जेल में नशामुक्त स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जेल उप अधीक्षक, प्रमुख मुख्य प्रहरी सहित जेल स्टाफ उपस्थित रहे।





