मजदूर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

अनोखा तीर, हरदा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम जामली में शुक्रवार शाम एक 40 वर्षीय मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राधेश्याम पिता सुखलाल कोरकू के रूप में हुई है। वह पिछले करीब डेढ़ साल से अपनी पत्नी और बेटी के साथ जामली गांव में एक किसान के यहां मजदूरी कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार राधेश्याम मूल रूप से खंडवा और बैतूल जिले की सीमा पर स्थित ग्राम बाटलाखुर्द का रहने वाला था। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे उसने किसान के खले में बने कमरे के अंदर फांसी लगा ली। बताया गया कि राधेश्याम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार के साथ जामली में रहकर मजदूरी करता था।
पत्नी ने बताई विवाद की बात
मृतक की पत्नी बोकली बाई ने पुलिस को बताया कि उसका पति पिछले करीब आठ दिनों से शराब पीकर उसके साथ विवाद कर रहा था। शुक्रवार को वह मजदूरी के लिए बाहर गई हुई थी। इसी दौरान राधेश्याम ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भिजवाया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

0 Views

Leave a Reply