-हरदा जिले के पटवारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जताया आभार
अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश में पिछले चार दिनों से चल रही पटवारियों की अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आश्वासन के बाद स्थगित कर दी गई है। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद हरदा जिले सहित प्रदेशभर के पटवारी आज 7 तारीख की सुबह अपने कार्य पर लौट आए। हरदा जिले की ओर से मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष राजीव जैन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा पटवारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण की दिशा में सकारात्मक पहल की गई है। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद संघ ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है।
पांच में से तीन मांगों पर आदेश जारी
प्रांतीय उपाध्यक्ष राजीव जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पटवारी संघ के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया है कि संघ की पांच प्रमुख मांगों में से तीन मांगों के संबंध में शासन द्वारा आदेश जारी किए जा चुके हैं। वहीं शेष दो मांगों के निराकरण के लिए 90 दिनों की समय-सीमा तय की गई है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने भोपाल में सुबह पटवारी संघ के प्रतिनिधि मंडल से चर्चा करते हुए कहा कि पटवारियों की लंबित मांगों के परीक्षण एवं निराकरण के लिए राजस्व, वित्त एवं सामान्य प्रशासन विभाग की संयुक्त समिति गठित की जाएगी। समिति 90 दिनों में मांगों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। समिति के गठन संबंधी आदेश भी जारी किए जाने की बात मुख्यमंत्री ने कही है।
18 वर्षों से पदोन्नति का इंतजार
राजीव जैन ने बताया कि पटवारियों की प्रमुख लंबित मांगों में पदोन्नति का मुद्दा भी शामिल है। प्रदेश के पटवारी पिछले करीब 18 वर्षों से पदोन्नति के अवसर से वंचित हैं। पदोन्नति के अवसर बंद होने के कारण पटवारियों में लंबे समय से असंतोष है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भरोसा दिलाया कि पटवारियों की पदोन्नति से संबंधित समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही नायब तहसीलदार पद के लिए विभागीय परीक्षा नवंबर-दिसंबर में आयोजित किए जाने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
हरदा के पटवारियों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
प्रांतीय उपाध्यक्ष राजीव जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पटवारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए समय-सीमा निर्धारित करना स्वागतयोग्य कदम है। हरदा जिले के समस्त पटवारियों की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने और आंदोलन स्थगित कराने के लिए हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि पटवारी शासन की योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शासन द्वारा उनकी समस्याओं के निराकरण की पहल से पटवारियों में सकारात्मक वातावरण बना है। चार दिनों से चल रही कलमबंद हड़ताल फिलहाल स्थगित होने के बाद हरदा जिले सहित प्रदेशभर के पटवारी 7 तारीख की सुबह अपने नियमित शासकीय कार्यों पर लौट आए। हालांकि, शेष मांगों के निराकरण के लिए गठित होने वाली संयुक्त समिति और उसकी 90 दिन की समय-सीमा पर अब पटवारी संघ की नजर रहेगी।



