-खिरकिया के ग्राम चारूवा में लगेगा शिविर
अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026Ó हरदा जिले में 7 अगस्त से प्रारंभ होगा। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों तक शासन-प्रशासन की पहुंच को और अधिक सशक्त बनाना, क्षेत्र भ्रमण के माध्यम से समस्याओं का मौके पर निराकरण करना, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करना है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत आदेश जारी करते हुए 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर निर्धारित किया है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार जिले के नगरीय निकाय एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण करेंगे। साथ ही विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त (शुक्रवार) को जनपद पंचायत खिरकिया के ग्राम चारूवा से होगा। इस अवसर पर शिविर भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें चारूवा, बावड़िया, कानपुरा, डेडगांवमाल, पड़वा, कालधड़, प्रतापपुरा, जूनापानी भंवरदी, जयमलपुरा व टेमलावाड़ी माल के ग्रामीण शामिल होंगे। इसके बाद हरदा विकासखण्ड के ग्राम सोनतलाई में 14 अगस्त को शिविर आयोजित होगा। इस शिविर में ग्राम सोनतलाई, बिछौलामाल, छिड़गांव, धनगांव, नीमगांव, सामरधा, उंवा, हनिफाबाद, कचबैड़ी, करनपुरा, पचौला, पांचातलाई, जामलीदमामी व नीलगड़ दमामी के ग्रामीण शामिल होंगे। टिमरनी विकासखण्ड के ग्राम करताना में 21 अगस्त को शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें करताना, भंवरास, गोंदागांवकला, गुल्लास, रूंदलाय, सन्यासा, लछौरा, छीपानेर, नयागांव, तजपुरा, कुहीग्वाड़ी, गोंदागांवखुर्द व गाड़ामोड़कला के ग्रामीण शामिल होंगे। इसके साथ ही विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में क्रमवार शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 8 जनवरी 2027 तक जिले के सभी निर्धारित क्षेत्रों में संचालित होगा। अभियान के दौरान जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। यदि किसी समस्या का समाधान जिला स्तर पर संभव नहीं होगा अथवा राज्य स्तर के निर्णय, नीति, बजट या तकनीकी स्वीकृति की आवश्यकता होगी तो ऐसे प्रकरणों का संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निराकरण कराया जाएगा। साथ ही सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विशेष समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर श्री जैन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जनहित की भावना के साथ संचालित करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
7 अगस्त से शुरू होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान

0 Views


