कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं को लेकर कृषि उपसंचालक से की मुलाकात

अनोखा तीर, हरदा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सांई ने कृषि उपसंचालक से मुलाकात कर किसानों को खाद एवं समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से किसान जिला मुख्यालय पहुंचकर सैकड़ों की संख्या में लंबी कतारों में लग रहे हैं और कई किसानों को दो-दो रात जिला मुख्यालय पर बिताने के बाद भी पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल रही है। इससे किसान खाली हाथ निराश होकर लौटने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस द्वारा बार-बार अवगत कराने के बावजूद जिला प्रशासन पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। ऐसे में समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों को होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि वर्तमान में समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी के वेयरहाउस केंद्रों की क्षमता पूर्ण होने के बावजूद स्लॉट बुक किए जा रहे हैं। वहीं मूंग की तुलाई होने के बाद भी किसानों के बिल तैयार नहीं हो रहे हैं, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष मोहन सांई ने कहा कि किसान पहले से ही विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं और जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें मूंग बेचने से लेकर भुगतान संबंधी प्रक्रिया तक में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया, तो जिला कांग्रेस कमेटी किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा, जिला महासचिव सूरजसिंह राजपूत एवं सतीश विश्नोई उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply