-बाल भिक्षावृत्ति और मानव तस्करी रोकने का दिया संदेश
अनोखा तीर, हरदा। रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ हरदा द्वारा ऑपरेशन आहट के तहत गुरुवार को हरदा रेलवे स्टेशन पर बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम एवं मानव तस्करी के विरुद्ध विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यात्रियों को बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर सतर्क रहने की अपील की गई। अभियान में उप निरीक्षक एस.के. गौतम, सहायक उप निरीक्षक रूपेंद्र बुवाडे तथा चाइल्डलाइन संस्था के कोऑर्डिनेटर रविराज राजपूत एवं उनकी टीम शामिल रही। टीम ने स्टेशन परिसर में यात्रियों से संवाद कर बताया कि यदि स्टेशन या ट्रेन में कोई बच्चा लावारिस, गुमशुदा, भीख मांगता हुआ या बाल श्रम करते हुए दिखाई दे तो इसकी तत्काल सूचना रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें, ताकि समय रहते बच्चे को सुरक्षित बचाया जा सके। अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 12322, 11072 एवं 22130 की भी जांच की गई। यात्रियों को जागरूक करते हुए आरपीएफ एवं चाइल्डलाइन की टीम ने कहा कि मानव तस्करी और बाल शोषण जैसी घटनाओं को रोकने में आम नागरिकों की सतर्कता और सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या जरूरतमंद बच्चे की जानकारी तुरंत संबंधित हेल्पलाइन पर दें, जिससे समय पर कार्रवाई कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ऑपरेशन आहट के तहत आरपीएफ हरदा का जागरूकता अभियान

0 Views



