जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ

-उत्कृष्ट विद्यालय हरदा बना प्रदेश का पायलट प्रोजेक्ट


अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त नवाचार जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा में किया गया। प्रदेश में इस पहल के लिए शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयनित किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक शशांक ने किया। पुलिस अधीक्षक शशांक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान, कानून, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण, नशे के दुष्परिणाम तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि विद्यार्थी स्वयं कानून का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा ने विद्यार्थियों को कानून की जानकारी, साइबर अपराधों से बचाव, पॉक्सो अधिनियम, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर सोनाली परकोचे ने मेरे अधिकार एवं जिम्मेदारियां, उपनिरीक्षक नूर मोहम्मद पठान ने कानून, सुरक्षा एवं न्याय, तथा उपनिरीक्षक महेश जाट ने पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उप पुलिस अधीक्षक अरुणा सिंह ने कार्यक्रम का पुनरावलोकन करते हुए प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डाला।
थाना और कंट्रोल रूम का कराया भ्रमण
कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों को दो समूहों में थाना कोतवाली हरदा का भ्रमण कराया गया। थाना प्रभारी रोशनलाल भारती एवं प्रधान आरक्षक लेखक कुलदीप भदौरिया ने पुलिस थाने की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने पुलिस व्यवस्था से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनके अधिकारियों ने सरल भाषा में उत्तर दिए। कई विद्यार्थियों ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की। इसके बाद विद्यार्थियों को पुलिस कंट्रोल  रूम ले जाकर डायल-112 की कार्यप्रणाली समझाई गई। रेडियो निरीक्षक सत्यनारायण मेहरा एवं उपनिरीक्षक नारायण अग्निहोत्री ने बताया कि पहले डायल-100 को अब राष्ट्रीय स्तर पर डायल-112 के रूप में एकीकृत किया गया है, जिससे पूरे देश में आपातकालीन सेवाओं के लिए एक ही नंबर उपलब्ध है।
यातायात नियमों की दी जानकारी
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक रजनी गुर्जर एवं यातायात थाना प्रभारी उमेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की तथा ट्रैफिक मोबाइल इंटरसेप्टर वाहन की उपयोगिता से भी अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन में आयोजित इस नवाचार को विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सराहनीय पहल बताया। अधिकारियों ने कहा कि जन सुरक्षा-युवा सृजन कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार एवं कानून के प्रति संवेदनशील नागरिक बनाना है, ताकि वे अपराधों से दूर रहकर समाज निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभा सकें।

0 Views

Leave a Reply