स्कूल वाहन चालकों की हड़ताल से पालक परेशान

– बच्चों को छोड़ने-लाने के लिए लगी भीड़

अनोखा तीर, सोडलपुर। स्कूल वाहनों पर पुलिस की सघन जांच और चालानी कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को स्कूल वाहन चालकों ने हड़ताल कर दी। इसका असर सोडलपुर सहित आसपास के गांवों के उन सैकड़ों विद्यार्थियों पर पड़ा, जो प्रतिदिन निजी सीबीएसई इंग्लिश मीडियम स्कूलों में पढ़ाई के लिए शहरों तक स्कूल वाहनों से आते-जाते हैं। पिछले चार दिनों से पुलिस प्रशासन स्कूल बसों और वैनों की सघन जांच कर रहा है। जांच के दौरान कई वाहन संचालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले, जबकि कुछ वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किया जा रहा था। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा चालानी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को वाहन चालकों ने हड़ताल कर दी, जिससे पालकों को स्वयं अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने और वापस लाने की व्यवस्था करनी पड़ी। सुबह स्कूलों के बाहर अभिभावकों की भारी भीड़ देखने को मिली। कई पालक दोपहिया वाहनों पर तीन से चार बच्चों को बैठाकर स्कूल पहुंचे, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई। हड़ताल के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को पूरे दिन परेशानियों का सामना करना पड़ा। पालकों ने मांग की कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता किए बिना ऐसा समाधान निकाला जाए, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। वहीं, वाहन चालकों का कहना है कि कई स्कूल संचालक उन्हें आवश्यक परमिट उपलब्ध कराने में सहयोग नहीं कर रहे हैं, जिससे वे कार्रवाई की जद में आ रहे हैं और इसका खामियाजा पालकों व विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है।

0 Views

Leave a Reply