-तहसील के ग्राम सारंगपुर के पशुपालक ललित सारन ने एसडीएम से की शिकायत
अनोखा तीर, खिरकिया। स्थानीय पशु चिकित्सालय में पदस्थ पशु चिकित्सक डॉक्टर अजय कुशवाह का क्षेत्र के पशुपालकों के साथ गैर जिम्मेदाराना व्यवहार बना हुआ है। इसे लेकर पशुपालकों में उनके प्रति काफी नाराजगी है। ताजा मामला एक पशुपालक के द्वारा एसडीएम से की गई शिकायत में उजागर हुआ है। तहसील के ग्राम सारंगपुर निवासी पशुपालक ललित पिता राजेंद्र सारन ने पशु चिकित्सक डॉ अजय कुशवाह पर मनमानी करने एवं रिश्वत लेने के आरोप लगाते हुए गुरुवार को एक शिकायत की है। पशुपालक ललित सारन ने बताया कि पशु चिकित्सक डॉक्टर अजय कुशवाह द्वारा खिरकिया पशु चिकित्सालय में शासकीय योजनाओं का लाभ पशुपालकों से मनमानी रिश्वत लेकर दिया जाता है। जो व्यक्ति पैसे देता है या कमीशन देता है उसे योजना मिलती है और उनका फॉर्म भरवाया जाता है अन्यथा वे योजना का लाभ नहीं देते हैं। श्री सारन ने अपनी शिकायत में बताया है कि शासन द्वारा लागू की गई योजनाएं निशुल्क हैं और जो फंड पशुओं के इलाज, बीमा आदि योजनाओं के लिए आता है, पर डॉक्टर अजय कुशवाह द्वारा मनमानी की जाकर पैसे की मांग की जाती है और कमीशन लिया जाता है। डॉ. कुशवाह ने मुझसे भी 10 हजार रूपए की मांग की। मेरे पास पैसे नहीं होने पर उन्होंने कहा कि योजना का लाभ पैसे देने वालों को ही दिया जाता है और जिन योजनाओं के फार्म भरे गए हैं वह भी कमीशन लेकर भरे गए हैं। पशुपालक श्री सारन ने डॉ. कुशवाह के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में डॉक्टर अजय कुशवाह का कहना है कि मेरे द्वारा ना किसी प्रकार की मनमानी की जाती है ना किसी से कोई रिश्वत ले जाती है। पशुपालक ललित सारन के सभी आरोप पूरी तरह से झूठे हैं।




