मालासेरी डूंगरी में भगवान श्री देवनारायण के चरणों में झुका हरदा

-श्री भुआणा प्रांतीय गुर्जर सभा की पांच दिवसीय दर्शन यात्रा का भव्य समापन

अनोखा तीर, हरदा। श्री भुआणा प्रांतीय गुर्जर सभा, हरदा के संरक्षण में आयोजित भगवान श्री देवनारायण जी के जन्मस्थल मालासेरी डूंगरी (राजस्थान) की पांच दिवसीय धार्मिक दर्शन यात्रा का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण समापन हुआ। 31 जुलाई से 4 अगस्त तक आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लेकर भगवान श्री देवनारायण जी के दर्शन किए तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। यह धार्मिक यात्रा हरदा स्थित मंगल भवन से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। यात्रा रेवाश्रम हंडिया सहित विभिन्न स्थानों से होती हुई राजस्थान स्थित भगवान श्री देवनारायण जी के पावन जन्मस्थल मालासेरी डूंगरी पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ ध्वज अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा समाज एवं प्रदेश की उन्नति की प्रार्थना की।
30 वाहनों के काफिले का जगह-जगह हुआ स्वागत
यात्रा में भुआणा क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के लोग शामिल हुए। लगभग 30 वाहनों के काफिले के साथ निकली यह यात्रा मध्यप्रदेश और राजस्थान के विभिन्न जिलों से होकर गुजरी। मार्ग में अनेक स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और स्वागत कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। दर्शनार्थियों के लिए भोजन, स्वल्पाहार, पेयजल एवं विश्राम जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं भी समाजजनों द्वारा की गईं।
विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने का मिला विशेष सहयोग
यात्रा के सफल संचालन में हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने का विशेष सहयोग रहा। उनके सहयोगियों एवं मित्रों ने यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया और यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। समाजजनों ने विधायक के सहयोग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे शामिल
दर्शन यात्रा में श्री भुआणा प्रांतीय गुर्जर सभा हरदा के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण दुगाया, नयाखेड़ा अध्यक्ष हरिप्रसाद मुकाती, उपाध्यक्ष चुन्नीलाल रायखेरे, युवा सभा अध्यक्ष संजय बिजगावने, राकेश आंजने, राजेश बांके, मनोज बागरे, अशोक गेंधर सहित अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल हुए। यात्रा के दौरान सभी ने सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और भाईचारे का संदेश दिया।
आभार कार्यक्रम में सहयोगियों का किया सम्मान
मालासेरी डूंगरी में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के पश्चात आभार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजकुमार खोदरे (गहाल) द्वारा किया गया, जिसमें यात्रा को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी समाजबंधुओं, पदाधिकारियों एवं दर्शनार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की धार्मिक यात्राएं समाज में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और आपसी एकता को मजबूत करने का कार्य करती हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

0 Views

Leave a Reply