नेमावर के सवासड़ा में सड़क हादसा, हरदा रेफर किए गए घायल की रास्ते में मौत

अनोखा तीर, हरदा। देवास जिले के नेमावर थाना क्षेत्र के ग्राम सवासड़ा में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में 45 वर्षीय गोविंद पिता गणेशराम शर्मा की मौत हो गई। गोविंद आसपास के गांवों में भिक्षावृत्ति करने जाया करते थे।  पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह गोविंद शर्मा सवासड़ा गांव में पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं और शरीर में अंदरूनी चोटें भी लगीं। घायल को तत्काल खातेगांव अस्पताल ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए हरदा जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी सहित परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद अस्पताल चौकी में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के बड़े बेटे भूपेंद्र शर्मा ने खातेगांव अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हरदा ले जाने के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध कराने में देरी की गई। साथ ही, गंभीर हालत के बावजूद उनके पिता को बिना मेडिकल स्टाफ और ऑक्सीजन के हरदा जिला अस्पताल भेजा गया, जिससे इलाज में देरी हुई और उनकी जान नहीं बच सकी।

0 Views

Leave a Reply