सिविल डिफेंस वालेंटियर्स ने ली नशा मुक्ति की शपथ

-‘मेरा युवा भारतअभियान के तहत 150 युवाओं को किया जागरूक


अनोखा तीर, हरदा। मेरा युवा भारत (माय भारत) हरदा द्वारा नशा मुक्त युवा-विकसित भारत अभियान के अंतर्गत शनिवार को पॉलीटेक्निक कॉलेज हरदा में नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सात दिवसीय सिविल डिफेंस वालेंटियर्स प्रशिक्षण में शामिल करीब 150 स्वयंसेवकों को नशा मुक्त रहने और समाज को भी नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी सुश्री श्रद्धा मित्तल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट रक्षा राजपूत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नशे से दूर रहकर अनुशासन, सेवा और सकारात्मक सोच को अपनाएं, तो विकसित भारत का सपना जल्द साकार होगा। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में जन-जागरूकता  फैलाने का आह्वान किया। मेरा युवा भारत हरदा के राहुल देदड़ तजपुरा ने कहा कि जिस हाथ में पुस्तक, कलम और कौशल होना चाहिए, यदि उसी हाथ में नशा आ जाए तो भविष्य अंधकारमय हो जाता है। उन्होंने युवाओं से नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने और स्वस्थ एवं संस्कारित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राकेश पीपलोदे, मयंक शर्मा सहित मेरा युवा भारत हरदा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सिविल डिफेंस प्रशिक्षण का दूसरा दिन
मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में 31 जुलाई से 6 अगस्त तक आयोजित सात दिवसीय सिविल डिफेंस वालेंटियर्स प्रशिक्षण के दूसरे दिन स्वयंसेवकों को आधुनिक युद्ध, मनोवैज्ञानिक युद्ध, अफवाहों एवं भीड़ प्रबंधन के दौरान सिविल डिफेंस की भूमिका, हवाई एवं ड्रोन हमलों के समय सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही रस्सियों की विभिन्न गांठें, सीढ़ियों के उपयोग सहित कई व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिए गए। प्रशिक्षण में प्लाटून कमांडर रक्षा राजपूत, हवलदार दीपक ठाकुर एवं एसडीईआरएफ टीम ने स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण प्रदान किया।

0 Views

Leave a Reply