महिला समेत तीन लुटेरे गिरफ्तार

-वारदात के 24 घंटे के भीतर टिमरनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अनोखा तीर, टिमरनी। टिमरनी थाना पुलिस ने लूट की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, दो पर्स, एक सोने की चेन, मोबाइल फोन एवं अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 31 जुलाई की रात बहरागांव निवासी धीरज पटेल अपने साले मनीष के साथ वेयरहाउस टिमरनी में मूंग बेचने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच सोडलपुर नहर के पास रास्ते में मौजूद उषा बंजारा उर्फ कैटरीना अपने साथियों के साथ मिली। आरोप है कि चारों ने मोटरसाइकिल रोककर दोनों के साथ मारपीट की और नगदी, मोबाइल फोन, पर्स, सोने की चेन सहित करीब 2.50 लाख रुपये का सामान लूट लिया। पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही आरोपी फरियादी की मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर टिमरनी थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उषा बंजारा उर्फ कैटरीना (31), अजय बंजारा (23) एवं विजय नायक निवासी सोडलपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। वहीं एक अन्य आरोपी नरेंद्र सोलंकी की तलाश जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शंशाक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा एवं एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलया के निर्देशन में थाना प्रभारी मुकेश गौड़ के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों की सराहनीय भूमिका रही।

0 Views

Leave a Reply