बायपास निर्माण में लापरवाही का आरोप, जांच तक ठेकेदार का भुगतान रोकने की मांग

अनोखा तीर, हरदा। शहर के डबल फाटक से बिरजाखेड़ी तक निर्माणाधीन 4.5 किलोमीटर लंबे बायपास रिंग रोड की गुणवत्ता और निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर विधायक प्रतिनिधि संजय कमलचंद्र जैन ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सड़क का निरीक्षण करने के बाद कलेक्टर को पत्र सौंपकर जिला स्तरीय जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक ठेकेदार का भुगतान रोकने की मांग की है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रस्तावित 4.5 किमी सड़क में से करीब 3 किमी हिस्से का ही निर्माण हुआ है, जबकि शेष 1.5 किमी पर किसानों की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया लंबित होने के कारण काम रुका हुआ है। विधायक प्रतिनिधि का आरोप है कि निर्मित सड़क की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है। कई स्थानों पर गिट्टी उखड़ने और सड़क में दरारें दिखाई दे रही हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी शिकायत की कि डबल फाटक पर ब्रिज निर्माण के चलते प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है। भारी वाहनों के शहर के भीतर से गुजरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जिन किसानों की जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में है, उन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिलने से वे भी असमंजस की स्थिति में हैं। विधायक प्रतिनिधि संजय कमलचंद्र जैन ने कलेक्टर से मांग की है कि निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता की जिला स्तरीय जांच समिति से जांच कराई जाए, जांच रिपोर्ट आने तक ठेकेदार का भुगतान रोका जाए तथा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर शेष बायपास निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि बायपास बनने से शहर को जाम से राहत मिलेगी, लेकिन गुणवत्ता से समझौता कर जनता के धन का दुरुपयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता।

2 Views

Leave a Reply