-नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का सात दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी नागरिकों का प्रशिक्षित एवं दक्ष होना आवश्यक है। आपदा प्रबंधन की जानकारी होने से आपातकालीन परिस्थितियों में पीड़ितों तक त्वरित राहत पहुंचाई जा सकती है तथा समय पर सही कार्रवाई कर अनेक लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति की समय पर सहायता करना और संकट की घड़ी में उसके जीवन की रक्षा करना हम सभी का सामाजिक दायित्व है। कलेक्टर शुक्रवार को स्थानीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आयोजित नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) स्वयंसेवकों के सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव, सर्पदंश की स्थिति में प्राथमिक उपचार, आपदा में फंसे लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू, आपातकालीन परिस्थितियों में चेतावनी एवं बचाव संबंधी उपाय, मॉक ड्रिल तथा अन्य आपदा प्रबंधन तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयंसेवकों को आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम के अंत में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड ए.के. उबनारे एवं प्लाटून कमांडर रक्षा राजपूत ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन का स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। प्रशिक्षण आगामी सात दिनों तक संचालित होगा।





