-टिमरनी पुलिस की कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
अनोखा तीर, टिमरनी। टिमरनी पुलिस ने घरों में सेंध लगाकर चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी बरामद की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक शशांक के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा तथा एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलैया के निर्देशन में थाना टिमरनी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार पहला मामला 28 नवंबर 2025 का है। जैन कॉलोनी निवासी प्रवीण किरार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वे परिवार सहित गांव गए थे। अगले दिन पड़ोसी द्वारा देखने पर मकान का ताला टूटा मिला और घर से अज्ञात चोर सामान चोरी कर ले गए। इस मामले में थाना टिमरनी में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। दूसरा मामला 21 जनवरी 2026 का है। राधाकृष्णपुरम कॉलोनी निवासी संगीता छलोत्रे इलाज के सिलसिले में घर से बाहर गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे सहित कमरे और गोदरेज के ताले टूटे हुए थे तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था। इस मामले में भी अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, साइबर सेल की तकनीकी सहायता ली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रितेश इवने उर्फ घोटू (30 वर्ष) निवासी नई बस्ती, पिपल्या माफी, टिमरनी बताया तथा दोनों चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर एवं नकदी बरामद कर जब्त कर ली। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में एसडीओपी आकांक्षा तलैया, थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौड़, उप निरीक्षक रामविलास करपे, सहायक उप निरीक्षक महेश पासी तथा आरक्षक अर्जुन और अभिलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने इस सफलता को टीमवर्क और तकनीकी जांच का परिणाम बताया है।
दो मकानों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर व नकदी बरामद

0 Views




