-हरदा आरपीएफ ने 70 हजार का लैपटॉप व दस्तावेजों से भरा बैग लौटाया
अनोखा तीर, हरदा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से एक यात्री का करीब 70 हजार मूल्य का लैपटॉप, चार्जर और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग सुरक्षित वापस मिल गया। यह कार्रवाई पश्चिम मध्य रेलवे के ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ पोस्ट हरदा द्वारा की गई। जानकारी के अनुसार हर्ष राठौर (20) निवासी ग्राम नागझिरी, जिला खरगोन, खंडवा से भोपाल जाने के लिए गाड़ी संख्या 17020 में यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण वह दूसरी ट्रेन से भोपाल जाने के लिए उतर गए, लेकिन जल्दबाजी में अपना पि_ू बैग सामान्य कोच की सीट के ऊपर ही भूल गए। यात्री के परिजनों से सूचना मिलते ही आरपीएफ हरदा के एएसआई रूपेन्द्र बुवाड़े और प्रधान आरक्षक जितेन्द्र तिवारी ने हरदा स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने के बाद संबंधित कोच की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग सुरक्षित बरामद कर आरपीएफ पोस्ट लाया गया और यात्री को इसकी सूचना दी गई। आरपीएफ पोस्ट पर आवश्यक पहचान एवं सत्यापन के बाद एचपी कंपनी का लैपटॉप, चार्जर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार थी, विधिवत सुपुर्दगी के साथ यात्री को सौंप दिया गया। अपना खोया सामान सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री और उसके परिजनों ने आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। वहीं रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आरपीएफ या रेल मदद के माध्यम से सूचना देने की अपील की है।





