Skip to content
Thursday, 22 October 2026
गुना

जंगल में तेंदुए का क्षत-विक्षत शव मिला

2 min read
Text Size:

– सिर और चारों पैर गायब, केवल धड़ हुआ बरामद

अनोखा तीर, गुना। जिले के उत्तर वन परिक्षेत्र की भादौरा सब रेंज के आगरा-हंसली के जंगल में एक तेंदुए का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि तेंदुए का सिर और चारों पैर गायब थे। घटनास्थल से केवल उसका धड़ बरामद हुआ। घटना के बाद वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और नियमित गश्त पर सवाल उठने लगे हैं। तेंदुए का सिर और पैर गायब होने से शिकार की आशंका जताई जा रही है। साथ ही यह भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि नाखून, खाल और अन्य अंगों की तस्करी के उद्देश्य से शिकारियों ने उसकी हत्या की हो। मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के संज्ञान में मामला पहुंचा। इसके बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शिवपुरी से डॉग स्क्वॉड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। वहीं, सीसीएफ आदर्श श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत तेंदुए का शिकार गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम मामले की जांच कर रही है तथा सभी पहलुओं से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। तेंदुए के शव को देर शाम गुना मुख्यालय स्थित पशुपालन विभाग लाया गया, जहां उसका पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही तेंदुए की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply