अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम डगाँवनीमा में बीती रात एक किसान के घर से लगभग 60 लाख रुपये की चोरी हो गई। चोर खिड़की के रास्ते घर में घुसा और परिवार के सदस्यों के सोते रहने के दौरान वारदात को अंजाम दिया। इस घटना ने क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसान रूपसिंह जाट के घर से चोर एक पेटी ले गए, जिसमें करीब 20 तोला सोना, चांदी के आभूषण और लगभग 3 लाख रुपये नकद रखे थे। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये बताई जा रही है। चोर ने अलमारी का सामान भी बिखेर दिया। पीड़ित किसान रूपसिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देने से पहले चोर ने गांव में विजेश जाट और आनंद जाट के घरों में भी घुसने का प्रयास किया था, लेकिन वहां वह चोरी करने में सफल नहीं हो सका। चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। किसान का कहना है कि ग्राम पंचायत में लगे सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिससे चोरों की गतिविधियों को अन्य स्थानों पर रिकॉर्ड नहीं किया जा सका। सुबह जब परिवार की नींद खुली, तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और आभूषणों व नकदी से भरी पेटी गायब थी। सूचना मिलते ही टिमरनी पुलिस मौके पर पहुंची, मौका पंचनामा तैयार किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, गांव में बंद पड़े कैमरे और स्ट्रीट लाइट चालू कराने तथा जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
सोता रहा किसान का परिवार, लाखों के जेवर ले उड़े चोर

0 Views


