जिले के 250 युवाओं ने युवालय से शुरू की नेतृत्व और सीखने की नई यात्रा

 

अनोखा तीर, रहटगांव। सिनर्जी संस्थान के अंतर्गत संचालित युवालय कार्यक्रम के तहत हरदा जिले के हरदा, सिराली, हंडिया, रहटगांव एवं कायदा स्थित पांच युवा संसाधन केंद्रों पर नवपंजीकृत युवाओं के लिए आरंभिक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिले के 35 गांवों एवं बस्तियों से आए 250 युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग लिया। प्रशिक्षण में विशेष रूप से हाशिये पर रहने वाले युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई, ताकि प्रत्येक युवा को सीखने, नेतृत्व विकसित करने और आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके। प्रशिक्षण की शुरुआत आत्मीय स्वागत, परिचयात्मक गतिविधियों एवं जनगीत से हुई। विभिन्न सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से युवाओं ने एक-दूसरे को जाना, टीमवर्क सीखा तथा युवालय के उद्देश्य, संविधान के मूल्यों और नेतृत्व की यात्रा को समझा। उन्हें बताया गया कि युवालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि सीखने, नेतृत्व विकसित करने और सपनों को नई दिशा देने का मंच है। प्रशिक्षण में युवाओं को युवालय में उपलब्ध नि:शुल्क पुस्तकालय, वाई-फाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, खेल एवं संगीत सामग्री, इंटर्नशिप, करियर मार्गदर्शन, अनुभवी मेंटर्स के सहयोग तथा समुदाय के साथ सीखने के अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान कई युवाओं ने पहली बार बड़े समूह के सामने अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही बाल संरक्षण एवं पॉश नीति की जानकारी भी साझा की गई, ताकि युवालय सभी युवाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और समावेशी स्थान बना रहे। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों की सीख साझा करने, समूह फोटो एवं इस संकल्प के साथ हुआ कि वे युवालय से जुड़कर अपने सपनों को नई उड़ान देंगे और अपने समुदाय में सकारात्मक बदलाव के सहभागी बनेंगे।

0 Views

Leave a Reply