-अंतिम संस्कार के बाद पौधरोपण कर संरक्षण का लिया संकल्प
अनोखा तीर, सोडलपुर। पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश देते हुए ग्राम के दो युवाओं ने अपने पिता की स्मृति को पौधरोपण से जोड़कर समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया। रविवार को सोडलपुर मुक्तिधाम परिसर में अंतिम संस्कार के बाद दोनों बेटों ने दो छायादार पौधे लगाकर उनके संरक्षण और उन्हें वृक्ष बनने तक देखभाल करने का संकल्प लिया। ग्राम के पटेल मोहल्ला निवासी स्व. रामचंद्र पटेल का शनिवार रात निधन हो गया था। रविवार सुबह 9 बजे मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके पुत्र प्रशुन पटेल एवं प्रत्यूष पटेल ने मुक्तिधाम परिसर में दो पौधे रोपे। उन्होंने परिवारजनों और ग्रामवासियों के समक्ष इन पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने की जिम्मेदारी भी ली। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इसे दिवंगत की स्मृति को जीवंत रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल बताया। कार्यक्रम में जगदीश मालवया, ब्रजकुमार पटेल, संतोष पटेल, आनंद पटेल, राजेश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संदेश दिया।





