पूर्व पार्षद के १९ वर्षीय बेटे ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

अनोखा तीर, हरदा। शहर के वार्ड क्र.30 के पूर्व भाजपा पार्षद धर्मेंद्र माली के 19 वर्षीय बेटे ने शनिवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह परिजनों ने युवक को फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कुलहरदा मोहल्ला निवासी तरुण माली (19) ने अपने घर की ऊपरी मंजिल के कमरे में अज्ञात कारणों से फांसी लगा ली। रविवार सुबह परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो वह फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मृतक के पिता एवं पूर्व भाजपा पार्षद धर्मेंद्र माली ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले तरुण कोमा में चला गया था। इसके बाद से उसे बार-बार दौरे पड़ते थे, जिसके कारण वह घर पर ही रहता था। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह भी तरुण को दो बार दौरे पड़े थे। रात करीब 12 बजे तक वह अपने छोटे भाई के साथ कमरे में था। इसके बाद उसने कब और कैसे यह कदम उठाया, इसकी जानकारी किसी को नहीं लग सकी। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। परिजनों एवं अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 Views

Leave a Reply