-जून का खाद्यान्न लंबित, जुलाई में भी आधों को ही मिला राशन
अनोखा तीर, मसनगांव। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत गरीब एवं पात्र परिवारों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के दावों के बीच मसनगांव क्षेत्र में राशन वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां जून माह का राशन बड़ी संख्या में हितग्राहियों को नहीं मिल सका, जबकि जुलाई माह में भी केवल आधे हितग्राहियों को ही खाद्यान्न वितरित किया गया। लगातार दो माह से राशन नहीं मिलने के कारण गरीब परिवारों को खाद्यान्न संकट का सामना करना पड़ रहा है और वे राशन दुकान के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जून माह में राशन वितरण के दौरान उनके राशन कार्ड पर ऑनलाइन एंट्री कर पर्ची जमा कर ली गई, लेकिन खाद्यान्न नहीं दिया गया। उन्हें आश्वासन दिया गया था कि स्टॉक उपलब्ध होते ही राशन वितरित कर दिया जाएगा, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी कई परिवारों को जून का राशन नहीं मिला। जुलाई माह में भी सीमित मात्रा में खाद्यान्न आने के कारण केवल कुछ हितग्राहियों को ही राशन दिया गया, जबकि शेष लोगों को फिर इंतजार करने के लिए कहा गया। हितग्राही रामनारायण कहार, राधेश्याम पाटिल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि राशन नहीं मिलने के कारण उन्हें बाजार से महंगे दामों पर अनाज खरीदना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह स्थिति बेहद कठिन है। उनका कहना है कि सरकार हर माह समय पर राशन उपलब्ध कराने का दावा करती है, लेकिन हकीकत में दो-दो माह तक खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जून माह का लंबित राशन तत्काल वितरित किया जाए तथा जुलाई माह के सभी पात्र हितग्राहियों को भी शीघ्र खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि यदि समय पर पर्याप्त आवंटन नहीं मिला तो गरीब परिवारों की परेशानियां और बढ़ जाएंगी। राशन दुकान संचालक योगेश पाटिल ने बताया कि विभाग से पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध नहीं होने के कारण सभी हितग्राहियों को राशन वितरित नहीं किया जा सका। जून माह में भी इसी कारण कुछ लोग राशन से वंचित रह गए थे। जुलाई में भी सीमित आवंटन मिलने के कारण उपलब्ध स्टॉक का वितरण किया गया है। शेष हितग्राहियों को नया आवंटन प्राप्त होते ही राशन वितरित कर दिया जाएगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं खाद्य विभाग से राशन आवंटन व्यवस्था में सुधार, लंबित खाद्यान्न के शीघ्र वितरण तथा भविष्य में प्रत्येक माह समय पर पर्याप्त मात्रा में राशन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि गरीब परिवारों को खाद्यान्न के लिए भटकना न पड़े।
दो माह से राशन के लिए भटक रहे हितग्राही

0 Views




