गौ-सम्मान आह्वान अभियान का दूसरा चरण 27 जुलाई को

-हरदा से 51 हजार हस्ताक्षरों के साथ सौंपा जाएगा ज्ञापन
अनोखा तीर, हरदा। गौ-माता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से संचालित गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान के तहत 27 जुलाई को देशभर के सभी जिलों से 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना-पत्र और ज्ञापन संबंधित जिलाधीशों के माध्यम से सौंपे जाएंगे। अभियान के जिला प्रभारी के अनुसार हरदा जिले से भी लगभग 51 हजार हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा। अभियान के माध्यम से गोहत्या निषेध के लिए केंद्रीय कानून बनाने, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा केंद्रीय गो-चारा नीति लागू करने सहित 30 से अधिक प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी जाएंगी।
सुबह 8 बजे निकलेगी प्रार्थना यात्रा
आयोजकों ने सभी गोभक्तों से सुबह 7.30 बजे परशुराम चौक, प्रताप टॉकीज, हरदा पर एकत्रित होने का आग्रह किया है। सुबह 8 बजे गोमाता पूजन, शंखनाद एवं श्री राम जय राम जय जय राम विजय मंत्र के सामूहिक जाप के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद शांतिपूर्ण एवं अनुशासित प्रार्थना यात्रा जिला कलेक्टर कार्यालय के लिए रवाना होगी। यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की झांकी, गोमाता-बछड़े की झांकी, अभियान के हस्ताक्षर पत्रों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन तथा भजन-कीर्तन शामिल रहेगा। इसके बाद संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में जिलाधीश के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। अभियान समिति ने जिले के नागरिकों, युवाओं, मातृशक्ति, किसानों एवं गोभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

0 Views

Leave a Reply