हरदा की सड़कों पर गूंजा नशामुक्ति का संकल्प

 


-800 विद्यार्थियों की विशाल रैली, नशे को ‘ना उज्ज्वल भविष्य को ‘हां का दिया संदेश
अनोखा तीर, हरदा। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक शशांक के नेतृत्व में जिलेभर में संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत शुक्रवार शाम हरदा शहर में नशामुक्ति को लेकर विशाल जन-जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में करीब 800 छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक शामिल हुए। पूरे शहर में गूंजते नारों के बीच युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। रैली का शुभारंभ डॉ. भीमराव अंबेडकर उत्कृष्ट विद्यालय से हुआ। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए विद्यार्थियों ने नशे से दूरी है ज़रूरी, नशा छोड़ो, भविष्य जोड़ो और स्वस्थ युवा सशक्त भारत जैसे नारों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर मार्च किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। शहरवासियों ने भी रैली का स्वागत करते हुए अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक प्रतिष्ठा और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर-परिवार और आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने तथा इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। एसडीओपी श्रीमती शालिनी परस्ते ने कहा कि नशा समाज और राष्ट्र की प्रगति में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल और राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाने तथा नशे से सदैव दूर रहने की अपील की। वहीं डीएसपी महिला सेल सुश्री अरुणा सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों और परिजनों को भी इस बुराई से बचाने के लिए जागरूक करने का आग्रह किया। रैली का समापन नेहरू स्टेडियम, हरदा में हुआ, जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने सभी छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे, दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे तथा नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा, एसडीओपी श्रीमती शालिनी परस्ते, डीएसपी महिला सेल सुश्री अरुणा सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। रैली ने शहर में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।

0 Views

Leave a Reply