अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के ग्राम बीड़ निवासी युवा फोटोग्राफर संजय कुमार प्रजापत ने गोवा में आयोजित राष्ट्रीय फोटोग्राफी कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। 18 से 21 जुलाई तक आयोजित चार दिवसीय गोवा फोटोग्राफी वर्कशॉप में उन्हें शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इंदौर कैमरा ग्रुप द्वारा धर्मेंद्र शर्मा एवं सृष्टी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 90 से 95 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यशाला में अरुण कुमार ने सिनेमैटिक एडिटिंग, राजा अवस्थी ने फोटोग्राफी एवं एडिटिंग तथा रमेश छाबड़िया ने ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों को सिनेमैटोग्राफी, प्रोफेशनल फोटोग्राफी, कैंडिड फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग, ड्रोन संचालन एवं आधुनिक लाइटिंग तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यशाला के दौरान संजय प्रजापत ने अपनी रचनात्मक सोच और फोटोग्राफी कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उन्हें सम्मानित किया गया। इससे पहले भी वे थाईलैंड, नेपाल, नैनीताल, मनाली और रायपुर सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। संजय प्रजापत ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, मार्गदर्शकों, धर्मेंद्र शर्मा, सृष्टी और इंदौर कैमरा ग्रुप को दिया। उनकी इस सफलता पर परिजनों, मित्रों एवं जिलेवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
गोवा की राष्ट्रीय फोटोग्राफी कार्यशाला में हरदा के संजय प्रजापत सम्मानित

4 Views




