फसल बीमा राशि में विसंगति को लेकर किसानों ने सौंपा ज्ञापन

अनोखा तीर, रहटगांव। गुरुवार को ग्राम नजरपुरा और उमरधा के किसानों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर फसल बीमा राशि के वितरण में हुई विसंगतियों का विरोध जताते हुए कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि हाल ही में जिले के किसानों को फसल बीमा राशि वितरित की गई, लेकिन इसमें कई किसानों को कम राशि मिली, जबकि कुछ किसानों को अपेक्षाकृत अधिक बीमा राशि प्रदान की गई। इससे किसानों में नाराजगी है। ज्ञापन में किसानों ने बताया कि दोनों गांवों के करीब 250 किसानों की लगभग 900 एकड़ भूमि का वर्ष 2025 की फसल का बीमा दावा अभी तक नहीं मिला है। वहीं जिन किसानों के खातों में राशि आई है, उन्हें मात्र 70 रुपये ही प्राप्त हुए हैं, जबकि अन्य गांवों के किसानों को 7 से 10 हजार रुपये तक की बीमा राशि मिली है। किसानों का कहना है कि वर्ष 2019 में भी उन्हें फसल बीमा राशि से वंचित रखा गया था और इस बार भी उन्हें उचित बीमा राशि नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में तहसीलदार को पहले भी आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन सौंपने के दौरान युवक कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नीरज वर्मा किरार, जयराम चौहान, बंटी बरखेड़े, संतोष चौहान, राजेश मालवीय सहित दोनों गांवों के अन्य किसान उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply