सल्फॉस खाने से महिला की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम बारजा की 33 वर्षीय महिला की सल्फॉस खाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ग्राम बारजा निवासी लक्ष्मण धुर्वे की पत्नी श्यामा बाई (33) ने मंगलवार सुबह करीब 9 बजे अज्ञात कारणों से सल्फॉस की गोलियां खा लीं। उस समय उनके पति मकान निर्माण के लिए दरवाजा खरीदने टिमरनी गए हुए थे। पति लक्ष्मण धुर्वे ने पुलिस को बताया कि घर में गेहूं की कोठी में सल्फॉस रखा हुआ था। इसी दौरान उनकी पत्नी ने सल्फॉस की दो गोलियां खा लीं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले टिमरनी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हरदा जिला अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भोपाल रेफर करने की सलाह दी, लेकिन बुधवार सुबह करीब 8 बजे जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिवार में पति के अलावा 10 वर्षीय बेटा और 8 वर्षीय बेटी हैं। पुलिस के अनुसार, महिला द्वारा यह कदम उठाने के कारणों की जांच की जा रही है।

0 Views

Leave a Reply