कोतवाली पुलिस ने 4 घंटे में सुलझाई नकबजनी, तीन आरोपी गिरफ्तार

अनोखा तीर, हरदा। पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी हरदा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली हरदा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने नकबजनी की घटना का महज चार घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 1.30 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया माल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को फरियादी राकेश वर्मा, पिता भारत सिंह वर्मा, निवासी ग्राम करताना पूरा, थाना टिमरनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनकी हेयर सैलून की दुकान का ताला तोड़कर टीवी, गैस सिलेंडर, ट्रिमर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। मामले में थाना कोतवाली हरदा में अपराध क्रमांक 476/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर राजेश नायक, निवासी एलआईजी कॉलोनी हरदा, मोहम्मद शब्बीर उर्फ बब्बू, निवासी गली नंबर-5, दूध डेयरी के पास हरदा तथा वंश कपोल उर्फ बांसू लाल, निवासी एलआईजी कॉलोनी, कटिया छात्रावास के पीछे, हरदा से पूछताछ की। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात ट्रिमर, एमआई कंपनी की 32 इंच एलईडी टीवी, दो सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, जियो वाई-फाई डिवाइस, दो हेयर ड्रायर, एक फेस मसाज मशीन, 51 इंच एलईडी टीवी, इन्वर्टर बैटरी, दो गैस सिलेंडर तथा दो म्यूजिक सिस्टम बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 1.30 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक देवेंद्र सूरमा, प्रधान आरक्षक अमित बौरासी, आरक्षक निलेश पटेल, आरक्षक प्रदीप मालवीय एवं चालक निलेश तिवारी की सराहनीय भूमिका रही। इस चोरी में खास बात यह रही कि जब एक चोर का हाथ दुकान के कांच से टकराने के कारण जख्मी हो गया तो वह अन्य लोगों के नाम पर मारपीट की रिपोर्ट लिखवाने पहुंचा। पुलिस को भी सैल्यून दुकान पर खून दिखा तो पुलिस ने शब्बीर से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसने बताया कि वह पिछले दो दिनों से इस सूने मकान से चोरी कर रहा था। शब्बीर ने यह भी स्वीकार किया कि दूसरे दिन उसने एलआईजी कॉलोनी निवासी राजेश नायक (28) और कपोल उर्फ बांसूलाल (22) के साथ मिलकर कांच के दरवाजे को तोड़कर सैलून की दुकान में घुसकर चोरी की थी। उसने पुलिस से बचने के लिए चेहरे पर रुमाल बांधने और दुकान व मकान में लगे कैमरे की डीबीआर उखाड़कर ले जाने की बात भी बताई।

0 Views

Leave a Reply