अनोखा तीर, हरदा। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को एडीआर सेंटर, हरदा में माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों के लिए विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश एवं सचिव चंद्रशेखर राठौर ने विद्यार्थियों को बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस प्रत्येक वर्ष 11 जुलाई को मनाया जाता है। भारत वर्तमान में विश्व का सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश है। संयुक्त राष्ट्र के अनुमानों के अनुसार भारत की जनसंख्या लगभग 146 करोड़ से अधिक है। उन्होंने बताया कि देश की बड़ी आबादी में युवाओं की संख्या महत्वपूर्ण है, जो भारत के आर्थिक और सामाजिक विकास की बड़ी शक्ति बन सकती है। विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनकर जनसंख्या नियंत्रण, लैंगिक समानता, शिक्षा के प्रसार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। शिविर में बच्चों को पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बालक एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियम) अधिनियम, 1986 सहित बच्चों से संबंधित विभिन्न कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लवकेश सिंह ने विद्यार्थियों को भारत के संविधान और न्यायपालिका की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें नि:शुल्क विधिक सहायता, नालसा पोर्टल और टोल फ्री नंबर 15100 सहित प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। शिविर में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अमित मालवीय, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एस.के. भदकारिया, जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ कुमार दुबे, छात्र-छात्राएं, पैरालीगल वॉलेंटियर्स सहित लगभग 50 लोग उपस्थित रहे।
विश्व जनसंख्या दिवस पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित

2 Views




